Skip to main content

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दरअसल हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया को बीपी एबनॉर्मल होने के चलते दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने दीपक बावरिया को फिलहाल किसी भी तरह के कार्यक्रम में शामिल होने से मना कर दिया है। ऐसे में वह चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है।

बीपी एबनॉर्मल होने की वजह से दीपक बावरिया को दिल्ली एम्स में एडमिट कराया गया है। शुरुआती जांच के बाद एम्स के डॉक्टरों ने दीपक बावरिया को आराम करने की सलाह दी है।

डॉक्टर ने चुनाव प्रचार करने से किया मना

जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की सलाह दी है। हालांकि, डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें किसी भी तरह की एक्टिविटी में शामिल होने से मना किया है। ऐसे में दीपक बावरिया जब तक ठीक नहीं हो जाते तब तक वह हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार-प्रसार नहीं कर पाएंगे।  

41 उम्मीदवारों को मिल चुका है टिकट

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस 41 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है। शुक्रवार को कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी हुई थी, जिसमें 32 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था। वहीं, रविवार को कांग्रेस ने अपने टिकट सूची की दूसरी लिस्ट जारी की थी, जिसमें कुल 9 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है।

कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की सूची देखकर लगता है कि पार्टी ने सोशल इंजीनियरिंग पर काफी ज्याद ध्यान दिया है। अब तक जारी किए गए 41 उम्मीदवारों में जाट समुदाय से 12, एससी से 9, ओबीसी से 9, पंजाबी 4, ब्राह्रण 3, मुस्लिम 3 और सिख समुदाय से 1 उम्मीदवार को टिकट दिया गया है।