आदमपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई के प्रचार पोस्टरों से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तस्वीर गायब है। यह चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि भजन परिवार मनोहर लाल से नाराज है। लोकसभा चुनाव के दौरान जनसभा में स्व. भजनलाल पर टिप्पणी करने के बाद से ही भजन परिवार नाराज है।
मंडी आदमपुर। भाजपा की टिकट पर भव्य बिश्नोई आदमपुर से चुनाव मैदान में है। सोमवार को नामांकन जमा करने के दौरान आदमपुर के मुख्य चुनाव कार्यालय सहित शहर भर में लगाए होर्डिंग्स व पोस्टर में पूर्व सीएम मनोहर लाल का फोटो गायब रहा। होर्डिंग्स व पोस्टर में केंद्रीय नेताओं से लेकर जिला व प्रदेश स्तरीय नेताओं की फोटो हैं। आदमपुर में लगाए पोस्टरों में पूर्व सीएम मनोहर लाल की फोटो गायब थी। यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा।
मनोहर लाल से नाराज है भजन परिवार
लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला के गांव कैमरी में जनसभा के दौरान स्व. भजनलाल पर टिप्पणी करने के बाद से ही भजन परिवार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से नाराज चल रहा है। इसी नाराजगी के चलते पोस्टरों व होर्डिंग्स से मनोहर लाल की फोटो गायब रही।
नामांकन के समय नहीं आया कोई बड़ा नेता
भव्य बिश्नोई ने शुभ मुहूर्त निकलवाकर सोमवार को हिसार लघु सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के समय प्रदेश व केंद्र से कोई बड़ा नेता दिखाई नहीं दिया। हिसार के निवर्तमान विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, निवर्तमान विधायक पूर्व डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, फतेहाबाद के निवर्तमान विधायक दुड़ाराम भी दिखाई नहीं दिए। परिवार के लोगों की माने तो सभी बड़े नेता दूसरे विधानसभाओं में व्यस्त होने के चलते नामांकन के समय नहीं आ पाए।
- Log in to post comments