नेशनल कान्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अनुच्छेद 370 संबंधी बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 भी एक दिन वापस बहाल होगा। यह कोई खुदा का फरमान नहीं है जो यह हटाने के बाद दोबारा बहाल नहीं हो सकता।
जम्मू। नेशनल कान्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। अनुच्छेद 370 भी एक दिन वापस बहाल होगा। यह कोई खुदा का फरमान नहीं है, जो यह हटाने के बाद दोबारा बहाल नहीं हो सकता।
बडगाम चुनावी सभा के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अनुच्छेद 370 संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया दी। गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को जम्मू प्रांत के जिला किश्तवाड़ में कहा था कि अनुच्छेद 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया गया है। अब इसे कोई भी ताकत बहाल नहीं कर सकती है।
राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं: उमर अब्दुल्ला
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय में चार न्यायधीशों की एक पीठ ने अनुच्छेद 370 को हटाने पर अपना फैसला सुनाया है। क्या पता, कल, सर्वोच्च न्यायालय के सात न्यायधीशों की पीठ अनुच्छेद 370 को पुनर्बहाल करने का फैसला सुनाए।
सर्वोच्च न्यायालय में जिन न्यायधीशों ने अनुच्छेद 370 के निरस्तीकरण को सही ठहराया है, वह हमारी तरह ही इंसान हैं। इसलिए यह फैसला कोई खुदा का फरमान नहीं है, जो बदला नहीं जा सकता
हमें पूरी उम्मीद है कि हम एक दिन जरूर अनुच्छेद 370 को वापस प्राप्त करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के शासनकाल में, संसद में भाजपा के सिर्फ दो ही सांसद थे, तब हालात कुछ और थे। इसलिए राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है।
आतंकी गतिविधियों के लिए भाजपा को ठहराया जिम्मेदार
जम्मू प्रांत में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोत्तरी पर चिंता जताते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इसके लिए भाजपा पूरी तरह जिम्मेदार हैं। जब हम सत्ता में थे, तो हमने जम्मू प्रांत को लगभग आतंकवाद से पूरी तरह मुक्त बना लिया था।
बीते 10 वर्ष से हम सत्ता में नहीं हैं और बीते छह वर्ष से केंद्र ही सीधे तौर पर जम्मू-कश्मीर का शासन संभाले हुए है। इसलिए जम्मू में जो हो रहा है, उसके लिए कौन जिम्मेदार है? सुरक्षाबलों पर हमले हो रहे हैं, हमारे जवान और अधिकारी वीरगति को प्राप्त हो रहे हैं। रियासी में श्रद्धालुओं पर हमला हुआ, इन सभी के लिए कौन जिम्मेदार है?
- Log in to post comments