Skip to main content

पश्चिम उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने के मुद्दे पर भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा कि यह पार्टी का मुद्दा नहीं है। संजीव बालियान इसके लिए अधिकृत नहीं हैं। सोम ने कहा कि वह किसी भी हाल में पश्चिम उत्तर प्रदेश के रूप में अलग राज्य नहीं बनने देंगे। यदि ऐसा हुआ तो यह मिनी पाकिस्तान बन जाएगा ।

मेरठ। भाजपा से सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम का कहना है कि पश्चिम उप्र को अलग प्रदेश बनाने का मुद्दा पार्टी का नहीं है। यदि पार्टी का होता तो पार्टी की तरफ से आधिकारिक बयान आता। संजीव बालियान इसके लिए अधिकृत नहीं हैं। पता नहीं बालियान अलग प्रदेश का मुद्दा पार्टीलाइन से हटकर क्यों दे रहे हैं। यह उनका व्यक्तिगत एजेंडा हो सकता है।

सोम ने कहा कि वह किसी भी हाल में पश्चिम उप्र के रूप में अलग राज्य नहीं बनने देंगे। यदि ऐसा हुआ तो यह मिनी पाकिस्तान बन जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर विकास की बात रखकर अलग प्रदेश की मांग हो रही है तो पश्चिम उप्र में ऐसी क्या कमी रह गई। यहां एक्सप्रेसवे, हाईवे, विश्वविद्यालय आदि सब हैं।

संजीव बालियान या राकेश टिकैत ने मुजफ्फरनगर का दंगा नहीं झेला क्या। सरधना को देखिए 70 प्रतिशत एक ही वर्ग की आबादी है। रही बात छोटे राज्य की आवश्यकता की तो मांग होनी चाहिए कि पश्चिम उप्र को दिल्ली से जोड़ दिया जाए, इससे दिल्ली भी पूर्ण राज्य बन जाएगा। अलग से कोई ढांचा भी नहीं बनाना पड़ेगा। दिल्ली की तरह संसाधन भी मिल जाएंगे। न्यायालय, विधानसभा सब बना बनाया मिलेगा।

News Category