Skip to main content

नेम प्लेट विवाद के बीच विक्रमादित्य सिंह को आज दिल्ली पहुंचे। जहां कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उनसे मुलाकात कर पार्टी की नीतियों और विचारधाराओं का पालन करने को कहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस नफरत के खिलाफ प्यार और स्नेह फैलाने में विश्वास रखती है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मीडिया ने उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया। 

शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह नेम प्लेट विवाद के बीच आज नई दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की।

विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात के दौरान के. सी. वेणुगोपाल ने फटकार लगाते हुए उनसे कहा कि कांग्रेस पार्टी का कोई भी मंत्री या पार्टी पदाधिकारी, पार्टी की नीतियों और विचारधाराओं के खिलाफ नहीं जा सकता है।

'हम नफरत पैदा नहीं कर सकते'

के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि मैंने विक्रमादित्य सिंह से कहा है कि राहुल गांधी नफरत के खिलाफ प्यार और स्नेह फैला रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्यार और स्नेह की बात करते हैं। हम नफरत पैदा नहीं कर सकते। हम एकजुटता में विश्वास करते हैं।

हमने उन्हें बहुत स्पष्ट रूप से बताया कि कांग्रेस की विचारधारा और नीतियां इस बारे में बहुत स्पष्ट हैं और हमें उसी अनुरूप काम करना है। उन्होंने मुझे बताया कि मीडिया ने उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया, उनका इरादा वह नहीं था।

गौरलतब हो कि बीते मंगलवार को विक्रमादित्य सिंह ने यूपी के की तरह ही हिमाचल में भी रेहड़ी-पटरी और भोजनालय वालों को दुकानों के आगे नेम प्लेट लगानी की मांग की थी। हालांकि, उनके इस बयान के बाद से कांग्रेस ने उससे किनारा कर लिया था।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से भी की मुलाकात

बता दें कि राजधानी दिल्ली में विक्रमादित्य सिंह ने भारतीय रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार से भी भेंट की।

इस दौरान उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को उत्तर रेलवे से स्वीकृति मिलने में हो रहे विलंब के कारण और हिमाचल प्रदेश विधानसभा जंक्शन पर फ्लाईओवर तथा विक्ट्री टनल के साथ पुल के निर्माण कार्य में हो रही देरी से अवगत करवाया। उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी से इस संबंध में शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।