Skip to main content

जम्मू संभाग के कुलगाम के बाद कठुआ में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली है। जिसके बाद सुरक्षा बलों द्वारा एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों का सामना आतंकियों के साथ हुआ। दोनों तरफ से कुछ राउंड गोलियां चली हैं। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। आ कुलगाम में सर्च अभियान के दौरान जवानों ने दो आतंकी ढेर किए हैं।

कठुआ। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आ रही है। आज लगभग साढ़े ग्यारह बजे जानकारी मिली कि लाहड़ी गांव के कुछ लोगों ने गांव के ऊपरी हिस्से में चार संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। 

वे काले कपड़े में थे और उन्होंने पिट्ठू बैग टांगे हुए थे। उनके पास हथियार भी थे। जानकारी के बाद कैप्टन दुशांत कुमार की देखरेख में सेना ने  पुलिस के साथ एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस स्टेशन बिलावर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गांव लाहड़ी, धनु परोल-कोहाग और इसके आसपास के क्षेत्रों में जवान आतंकियों की तलाशी में जुट गए। इस दौरान जवानों का सामना आतंकियों से हुआ। दोनों ओर से फायरिंग भी हुई। फिलहाल सेना ने जंगल की चारों ओर से घेराबंदी कर दी है।

कुलगाम में दो आतंकी ढेर

इससे पहले जम्मू के कुलगाम में भी जवानों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि इस भिड़ंत में जवानों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। आतंकियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सुरक्षाबल आतंकियों का पता और पहचान लगाने में जुटे हैं। आतंकियों के पास से आपत्तिजनक सामग्री जैसे हथियार और गोला-बारूद इत्यादि भी बरामद की गई है। यहां भी तलाश अभियान जारी है।