बहराइच: अवैध अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई तीन हॉस्पिटल सीज, कईयों को नोटिस
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नगर पंचायत मिहीपुरवा एवं तहसील क्षेत्र में कुकुरमुत्ता की तरह खुल रहे इन नर्सिंग होम एवं मेडिकल स्टोर की लगातार शिकायतें प्रशासन को मिल रही थी. मीडिया एवं ग्रामीणों की शिकायत पर शासन प्रशासन के निर्देशानुसार उप जिला अधिकारी मिहींपुरवा रामदयाल तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार के द्वारा सोमवार को नगर पंचायत मिहीपुरवा में बड़ी कार्रवाई की गई।
जिसमें कृष्णा हॉस्पिटल, नवभारत हॉस्पिटल तथा तारा देवी विश्वेश्वर दयाल हॉस्पिटल पर कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस के चल रहे इन हॉस्पिटलों को सीज कर दिया गया तथा तीन हॉस्पिटलों को नोटिस दी गई एवं दो अस्पताल बंद करके भाग गए. जिस पर उनके गेट पर नोटिस चस्पा की गई है. इस कार्रवाई में उप जिला अधिकारी रामदयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय कुमार, प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर थानेदार, नायब तहसीलदार ब्रह्मदिन यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों की इस कार्रवाई से बिना लाईसेंस एवं बिना डॉक्टर के चल रहे अस्पताल में हड़कंप बचा है।
कार्रवाई के दौरान डॉक्टर थानेदार ने बताया कि कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, जो भी स्वास्थ्य से संबंधित हॉस्पिटल, नर्सिंग होम मेडिकल स्टोर एवं झोलाछाप इलाज कर रहे डॉक्टर पर कार्रवाई होगी. नगर के साथ-साथ देहात क्षेत्र में भी कार्रवाई की जाएगी. मालूम हो कि पूरे तहसील क्षेत्र में अवैध हॉस्पिटलों की बाढ़ सी आई हुई है. बॉर्डर सीमा से लगाकर जंगल क्षेत्र तक अवैध अस्पताल संचालित है. जिस पर लगातार अब कार्रवाई की जाएगी. लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
- Log in to post comments
- 1 view