Skip to main content

LPG to PNG Shift: एलपीजी सिलेंडर छोड़ ले लें पाइप वाली गैस, सरकार की अपील पर 31 मार्च तक किया शिफ्ट तो ये फायदे

LPG to PNG Shift: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्‍तेमाल करने वालों से सरकार ने अपील की है। उसने ऐसे उपभोक्‍ताओं से पाइप वाली गैस (पीएनजी) की ओर शिफ्ट करने को कहा है। इसके लिए सरकार गैस कंपनियों के साथ मिलकर इंसेंटिव भी दे रही है। इसका मकसद उपभोक्‍ताओं को पीएनजी अपनाने के लिए प्रोत्‍साहित करना है।

नई दिल्‍ली: सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों से बड़ी अपील की है। उसने कहा है कि जहां भी मुमकिन हो, वे पाइप वाली नेचुरल गैस ( पीएनजी ) पर शिफ्ट हो जाएं। यह कोशिश एलपीजी सप्लाई पर दबाव कम करने और साफ-सुथरे ईंधन के दूसरे विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए की जा रही है। 31 मार्च तक एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट करने वालों को खास फायदा देने की भी बात कही गई है।

पेट्रोलियम मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इस कदम पर चर्चा जारी है। अधिकारी पूरे देश में ईंधन की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में पहले से ही पाइप वाली नेचुरल गैस का इन्‍फ्रास्ट्रक्चर मौजूद है, वहां के कमर्शियल एलपीजी इस्तेमाल करने वालों को पीएनजी कनेक्शन लेने के बारे में सोचना चाहिए।

श‍िफ्ट को बढ़ावा देने में जुटी सरकार
सरकार गैस डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियों के साथ मिलकर इस शिफ्ट को बढ़ावा देने में जुटी है। इन कंपनियों ने नए कस्टमर्स जोड़ने के लिए कई तरह के इंसेंटिव देने का ऐलान किया है।
शर्मा के मुताबिक, 'पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए कुछ कंपनियों ने खास इंसेंटिव का ऐलान किया है। मसलन, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने कहा है कि अगर कोई घरेलू कस्टमर 31 मार्च से पहले कनेक्शन लेता है और गैस खरीदना शुरू कर देता है तो उसे 500 रुपये की मुफ्त गैस मिलेगी।'

उन्होंने आगे बताया कि गेल और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) भी इंसेंटिव दे रही हैं। इन कोशिशों का मकसद ज्‍यादा से ज्‍यादा लोगों को पीएनजी जैसे साफ-सुथरे ईंधन की ओर शिफ्ट होने के लिए बढ़ावा देना है।'
स‍िर्फ ड‍िमांड को कम करना नहीं है मकसद
अधिकारियों का कहना है कि पीएनजी को बढ़ावा देने का मकसद सिर्फ एलपीजी सिलेंडरों की मांग का दबाव कम करना ही नहीं, बल्कि साफ-सुथरे ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना भी है।

एलपीजी के मुकाबले पीएनजी को ज्‍यादा साफ-सुथरा ईंधन माना जाता है। इसकी सप्लाई सीधे पाइपलाइन के जरिए होती है। इससे सिलेंडरों की डिलीवरी और उन्हें स्टोर करने की जरूरत खत्म हो जाती है।
सरकार ने क‍िया है CGD नेटवर्क का व‍िस्‍तार
पिछले कुछ सालों में सरकार ने देश के कई हिस्सों में सिटी गैस डिस्ट्रिब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क का विस्तार किया है। इसका मकसद घरों और कमर्शियल जगहों, दोनों के लिए पाइप वाली नेचुरल गैस की पहुंच बढ़ाना है।

अधिकारियों ने बताया कि जिन इलाकों में इन्‍फ्रास्ट्रक्चर मौजूद है, वहां कस्टमर्स को पीएनजी पर शिफ्ट होने के लिए बढ़ावा देने से फ्यूल डिस्ट्रिब्यूशन की क्षमता बेहतर हो सकती है। इससे एलपीजी सप्लाई पर दबाव कम हो सकता है।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब दुनिया भर के ईंधन बाजारों पर पड़ रहे जियोपॉलिटिकल तनाव की वजह से एनर्जी सप्लाई चेन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

कंपनियों के ऑफर

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) उन ग्राहकों को 500 रुपये की मुफ्त गैस दे रही है जो 31 मार्च, 2026 से पहले रजिस्‍ट्रेशन कराते हैं या सेवाएं शुरू करते हैं।

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने डोमेस्टिक पाइप्‍ड नैचुरल गैस (DPNG) ग्राहकों के लिए 500 रुपये की रजिस्‍ट्रेशन फीस माफ कर दी है। वाणिज्यिक ग्राहकों के लिए सिक्‍योरिटी डिपॉजिट (SD) हटा दिया है। यह पहले 1 लाख रुपये से 5 लाख रुपये के बीच होता था।

गेल गैस लिमिटेड ने भी घरेलू ग्राहकों के लिए 500 रुपये की मुफ्त गैस की घोषणा की है, जबकि BPCL ने सभी कमर्शियल कनेक्शनों के लिए सिक्‍योरिटी डिपॉजिट माफ कर दिया है।

ग्राहक संबंधित सीजीडी कंपनियों के ईमेल, ग्राहक पोर्टल, पत्रों या कॉल सेंटरों के जरिये पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। कंपनियों से कहा गया है कि वे संभावित ग्राहकों तक सक्रिय रूप से पहुंचें।

News Category