आजमनगर कबूतर चौक में अतिक्रमण से लगा जाम, पुलिस से भिड़े दुकानदार, कई थानों की फोर्स तैनात
RGANews
रमजान में सड़क पर सजी दुकानों से बिगड़ी व्यवस्था; सख्ती के बाद खाने-पीने के होटल व फुटवियर दुकानों सहित कई प्रतिष्ठान बंद कर फरार हुए दुकानदार
बरेली (थाना कोतवाली) रमजान के मुबारक महीने में जहां शहर के बाजार देर रात तक रौनक से गुलजार हैं, वहीं आजमनगर स्थित कबूतर चौक मार्केट में ईद की खरीदारी के बीच अतिक्रमण और अव्यवस्था ने जाम कि स्थिति बना दी। मंगलवार देर शाम सड़क पर सजी दुकानों के चलते इलाके में भीषण जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक, कई दुकानदारों ने अपनी दुकान का सामान सड़क तक फैला रखा था। खासतौर पर खाने-पीने के होटल, ठेले और फुटवियर की दुकानों ने सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दुकानदारों को कई बार समझाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, लेकिन इस दौरान कुछ लोग पुलिस से ही उलझ पड़े। सूत्रों के अनुसार, लतीफ कुरैशी और उसके बेटे द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
हालात बिगड़ते देख पुलिस को कई थानों की अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस की सख्ती बढ़ते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के डर से खाने-पीने के होटल, फुटवियर दुकानों सहित कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए, जिससे कुछ समय के लिए पूरा इलाका सुनसान नजर आया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक देर रात मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रमजान के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ना सामान्य है, लेकिन सड़क पर अतिक्रमण की वजह से हर साल जाम की समस्या गंभीर हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस से बदसलूकी करने वालों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, हालांकि कार्रवाई के बाद बाजार की रौनक पर असर साफ तौर पर देखा जा रहा है।
- Log in to post comments
- 3 views