Skip to main content

कैराना की सांसद इकरा हसन अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जानी जाती है। इकरा हसन कई बार अपनी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर अपनी बातों को कहती हैं। यति नरसिंहानंद गिरी का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद इकरा ने उत्तर प्रदेश व देश की सरकार पर सवाल उठाए हैं।

कैराना/शामली। सपा सांसद इकरा हसन ने स्वयं साेशल मीडिया पर एक मिनट बाइस सेकेंड का वीडियो पोस्ट कर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज द्वारा की गई धार्मिक टिप्पणी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।

इकरा हसन ने प्रदेश व केंद्र सरकार पर सवाल खड़े करते हुए यति नरसिंहानंद गिरी महाराज के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने मुद्दे पर संसद में आवाज उठाने की बात कही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो किया पोस्ट

कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन का सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर इकरा हसन फैमली नामक अकांउंट है। इस पर एक वीडियो प्रसारित किया है। इकरा ने कहा कि इंटरनेट मीडिया में एक वीडियो प्रसारित हो रही है, जिसमें यति नरसिंहानंद गिरी महाराज द्वारा पैगम्बर मोहम्मद साहब व कुरान शरीफ के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वीडियो में गैर कानूनी टिप्पणी की गई है, जिससे मुस्लिम समाज में बेहद आक्रोश व्याप्त है।

माहौल खराब करने की कोशिश

इकरा ने कहा, कि यति नरसिंहानंद गिरी महाराज देश व प्रदेश में जातीय माहौल खराब कराना चाहते है। उन्होंने यति नरसिंहानंद गिरी महाराज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर सख्त कानूनी कार्रवाई कराए जाने की मांग की गई है। वहीं अन्य समुदाय के लोग उनकी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दिए गए बयान को आपत्ति जनक बता रहें है।