कैथल के बाबा लदाना गांव में पाइप लाइन लीकेज के कारण गंदे पानी की सप्लाई से लगभग 50 लोग बीमार हो गए हैं। उल्टी दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद 32 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य का इलाज घर पर चल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है और स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए टीमें गठित की हैं।
कैथल। जिले के गांव बाबा लदाना में पानी की पाइप लाइन लीकेज के चलते घरों में हो रहे गंदे पानी की सप्लाई ने लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर दिया। अब तक 45 से 50 लोग उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत के चलते बीमार हो गए हैं।
इनमें से 32 मरीजों का तो इलाज चल रहा है। इनमें 17 मरीज निजी अस्पताल शाह, अनाया, जिला नागरिक अस्पताल व जींद रोड पर स्थित एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में दाखिल हैं। वहीं 15 मरीजों का घर पर ही इलाज चल रहा है। शनिवार को भी चार लोगों की तबीयत बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाज शुरू किया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जताया रोष
गांव में उल्टी व दस्त के बढ़ते मामलों को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लोग गंदा पानी पी रहे हैं, लेकिन पब्लिक हेल्थ की तरफ से कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। गांव में करीब तीन जगहों पर पानी की पाइप लाइन लीकेज हैं, इस कारण नालियों का गंदा पानी घरों में आ रहा है।
इस गंदे पानी के पीने से लोग बीमारी का शिकार हो रहे है। ग्रामीण दीपू ने बताया कि उसके मां, दो बहनें, चाची व भाई शहर के निजी अस्पताल में दाखिल है। सभी को उल्टी, दस्त व पेट में दर्द होने के साथ-साथ पेशाब रुकने की समस्या है। यह सब गांव में सप्लाई हो रहे गंदे पानी के कारण हुआ है।
गंदे पानी की सप्लाई से आई समस्या: डॉ. रेनू चावला
जिला सिविल सर्जन डा. रेनू चावला ने बताया कि बाबा लदाना गांव में गंदा पानी पीने से यह दिक्कत आई है। जो लोग बीमार हैं, उनका इलाज चल रहा है। बीमार लोगों के खून व मल के सैंपल लेने के साथ-साथ पानी के सैंपल भी लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट सोमवार को आ जाएगी। गांव में बीमार लोगों के इलाज व कारणों का पता लगाने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।
- Log in to post comments
- 4 views