मथुरा पुलिस ने वृंदावन में केशीघाट क्षेत्र से एक फर्जी सीओ को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिद्धार्थ चक्रवर्ती 10 दिनों से पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से पैसे ऐंठ रहा था। पुलिस ने उसके पास से पुलिस की वर्दी और सीबीआई का पहचान पत्र भी बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि वह पहले भी पुलिस की वर्दी पहनकर घूमता था और 2021 में गिरफ्तार हुआ था।
मथुरा। पुलिस ने गुरुवार रात को वृंदावन के केशीघाट क्षेत्र से फर्जी सीओ को गिरफ्तार किया है। वह 10 दिन से शराब के ठेकों एवं भीड़ वाले क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब गांठकर रुपये ऐंठता था।
पुलिस ने इसके पास से पुलिस की वर्दी के साथ ही सीबीआई का पहचान पत्र बरामद किया है। पुलिस ने उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की चंदन नगर कालोनी में बख्शी गली निवासी 32 वर्षीय सिद्धार्थ चक्रवर्ती पांच जुलाई को मथुरा में आया। मथुरा-वृंदावन घूमने के बाद उसने 16 जुलाई को पुलिस की वर्दी सिलाई और शराब के ठेकों के आसपास और भीड़ वाले इलाके में घूमकर लोगों पर पुलिसिया अंदाज में रौब गांठने लगा। वह खुद को पुलिस क्षेत्राधिकारी बताता था।
गुरुवार रात सिद्धार्थ वर्दी पहनकर केशीघाट पर घूम रहा था। यहां दुकानदारों को अपने को सीओ बताकर उन्हें हड़का रहा था। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। थाना पुलिस पुलिस पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई।
सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पांच जुलाई को पश्चिम बंगाल स्थित अपने घर से मथुरा आया था। सीओ की वर्दी सिलवाकर शराब के ठेकों के आसपास लोगों पर रौब झाड़ कर पैसे और खाने पीने का सामान लेता था।
तीन दिन पहले छटीकरा स्थित शराब की दुकान से एक बोतल शराब भी ली थी। सिद्धार्थ शादीशुदा है। उसकी पत्नी और दो बच्चे हुगली के चंदन नगर कालोनी में रह रहे हैं। उसने स्नातक की पढ़ाई की है। को
तवाली प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि इसका आपराधिक रिकार्ड खंगाला तो पता चला कि यह जिस कालोनी में रहता था, वहीं पुलिस की वर्दी पहनकर घूमता था। इस पर चंदन नगर थाने की पुलिस ने 9 सितंबर 2021 को उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
25 अक्टूबर, 2021 को वह जेल से बाहर आया था। उन्होंने बताया फर्जी सीओ बनकर घूम रहे सिद्धार्थ के पास से पुलिस की वर्दी एवं सीबीआई का फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। इसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- Log in to post comments
- 7 views