Skip to main content

मानसून सत्र में बिहार मतदाता सूची और अन्य मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वेल में सीआईएसएफ कर्मियों को बुलाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने उपसभापति को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त की और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने का आग्रह किया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी इस घटना पर टिप्पणी की है।

मानसून सत्र में बिहार मतदाता सूची विशेष सघन पुनरीक्षण सहित अन्य मुद्दों को लेकर लगातार गतिरोध बना हुआ है। हर दिन विपक्ष की ओर से इन मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया जा रहा है।

इस बीच राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सांसदों के राज्यसभा में विरोध प्रदर्शन के दौरान वेल में सीआइएसएफ कर्मियों को बुलाए जाने का गंभीर मुद्दा उठाया है। इस संबंध में उपसभापति को पत्र लिखकर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई है।

'हम स्तब्ध और हैरान...'

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को उपसभापति हरिवंश को सभी विपक्षी दलों की ओर से पत्र लिखा। इसमें उन्होंने लिखा, ''हम यह देखकर आश्चर्यचकित और स्तब्ध हैं कि जब सांसद अपने लोकतांत्रिक अधिकार के तहत विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तो संसद की वेल में सीआइएसएफ कर्मियों को बुलाया लिया गया।''

खरगे ने आरोप लगाया कि ऐसा गुरुवार को हुआ और शुक्रवार को भी। सवाल उठाया कि क्या संसद का स्तर इतना नीचे गिर गया है? उन्होंने आपत्ति और स्पष्ट शब्दों में निंदा करते हुए उपसभापति को लिखा है कि हम आशा करते हैं कि भविष्य में जब सांसद जनहित के मुद्दों को उठा रहे हों तो वेल में सीआइएसएफ कर्मियों को न लगाया जाए।

News Category