कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के फिलिस्तीन के समर्थन में किए गए पोस्ट पर इजरायल ने पलटवार किया है। इजरायली राजदूत रियूवेन अजार ने प्रियंका के हमास के आंकड़ों पर भरोसा करने पर सवाल उठाए और इजरायल पर नरसंहार के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि इजरायल ने गाजा में 2 मिलियन टन खाना भेजा जिसे हमास ने जब्त कर लिया।
संसद में फिलिस्तीन का बैग लेकर पहुंची प्रियंका गांधी ने एक बार फिर गाजा पर टिप्पणी करते हुए इजरायल की आलोचना की है। मगर, इस बार इजरायल ने प्रियंका पर पलटवार करते हुए उनपर सवाल खड़े किए हैं।
भारत में इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने प्रियंका गांधी के पोस्ट पर जवाब देते हुए कुछ तथ्य प्रस्तुत किए हैं। इसी के साथ इजरायल ने प्रियंका से हमास के आंकड़ों पर भरोसा न करने की अपील की है।
इजरायल ने दिया जवाब
प्रियंका की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत में इजरायली राजदूत रेयूवेन अजार ने इसे शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा, "इजरायल ने 25,000 से ज्यादा हमास के आतंकियों को भी मारा है। हमास की कायरतापूर्ण तरीकों के कारण आम लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ी है। हमले के समय हमास आम लोगों के बीच छिप जाता है। वो लोगों पर रॉकेट दागता है।
इजरायली राजदूत के अनुसार, "इजरायल ने गाजा में 2 मिलियन टन खाना भेजा, जिसे हमास ने जब्त कर लिया और गाजा में भुखमरी फैल गई। गाजा की आबादी पिछले 50 साल में 450 प्रतिशत बढ़ी है। वहां कोई नरसंहार नहीं हुआ। हमास के आंकड़ों पर ध्यान न दें।"
प्रियंका ने गाजा के पक्ष में दिया बयान
दरअसल प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए इजरायल पर नरसंहार करने का आरोप लगाया था। प्रियंका ने अपनी पोस्ट में लिखा, "इजरायल ने 60,000 से ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया, जिसमें 18,430 बच्चे भी शामिल हैं। गाजा में बच्चों समेत कई लोग भूखे मर रहे हैं। इस पर चुप रहना और यह सब होते देखना अपने आप में बड़ा अपराध है।"
भारत सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, "इजरायल ने फिलिस्तीन में तबाही मचा रखी है और भारत सरकार बिल्कुल चुप है। यह बेहद शर्मनाक है।"
- Log in to post comments
- 3 views