Skip to main content

 

बरेली समाचार

बरेली: अभिनव अभियान 'मां तुझे प्रणाम' के तहत मंगलवार को वॉक फॉर यूनिटी रैली निकाली गई। इसमें विभिन्न स्कूलों के हजारों बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर चले स्कूली बच्चों ने देशप्रेम और एकता का संदेश दिया। 

 

बरेली में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला के अभिनव अभियान 'मां तुझे प्रणाम' के तहत वॉक फॉर यूनिटी रैली के साथ कार्यक्रम का आगाज हो गया। शहर के डीडीपुरम स्थित शहीद चौक से महापौर उमेश गौतम, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए., नगर आयुक्त संजीव मौर्य व जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने शंखनाद के बीच हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। वॉक फॉर यूनिटी में हजारों स्कूली बच्चों के साथ शहरवासियों का हुजूम उमड़ा। भारत माता के जयघोष और लहराते तिरंगों से माहौल देशभक्तिमय हो गया। 

रैली में विभिन्न स्कूलों के पांच हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। महापौर, मंडलायुक्त, बीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त व जिला विद्यालय निरीक्षक ने बच्चों के साथ चलकर उनका हौसला बढ़ाया। 

भारत माता की जय... वंदे मातरम के नारे लगाते चल रहे छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्कूली बच्चों ने वॉक फॉर यूनिटी से एकता का संदेश दिया।  

रैली में सैकड़ों शिक्षकों, व्यापारियों, शहरवासियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने देशप्रेम और एकजुटता का संदेश दिया। 

शहीद चौक से शुरू हुई वॉक फॉर यूनिटी यात्रा सील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर वंदना स्वीट होते हुए शहीद चौक पर आकर संपन्न हुई। 

छात्र-छात्राओं ने भारत माता की जय, झंडा ऊंचा रहे हमारा, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर देशप्रेम की अलख जगाई। 

नन्हें मुन्ने बच्चे भी वॉक फॉर यूनिटी रैली में शामिल हुए। कोई महात्मा गांधी बनकर आया तो भगत सिंह और लक्ष्मीबाई।

वॉक फॉर यूनिटी में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड का जोश देखते ही बन रहा था। कड़ी धूप भी स्कूली बच्चों के जोश को कम न कर सकी। 

घंटेभर चली रैली में देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। व्यापारी संगठनों ने फूल बरसा कर वॉक फॉर यूनिटी रैली का स्वागत किया। 

रैली में शामिल स्कूली बच्चों ने करतब दिखाते हुए तिरंगा लहराया। बच्चों के करतब देखकर हर कोई दंग रह गया।  वॉक फॉर यूनिटी में शामिल लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ सेल्फी, वीडियो बनाकर सोशल प्लेटफार्म पर साझा किए।

14 अगस्त को निकली तिरंगा यात्रा 
मां तुझे प्रणाम कार्यक्रमों के क्रम में 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा (वाहन रैली) निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा बरेली क्लब से सुबह आठ बजे शुरू होगी। 

यहां से गुजरेगी तिरंगा यात्रा 
तिरंगा यात्रा गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, पटेल चौक, महादेव फ्लाई ओवर, धर्मकांटा चौराहा, सेलेक्शन प्वॉइंट चौराहा, शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, केके हॉस्पिटल, आदिनाथ चौराहा, श्यामगंज होते हुए बरेली कॉलेज मैदान पर संपन्न होगी।

15 अगस्त यानि स्वतंत्रता दिवस पर शहर में सामूहिक राष्ट्रगान होगा। गांधी उद्यान में ध्वजारोहण और शहर के चौराहों पर सुबह ठीक 10 बजे सामूहिक राष्ट्रगान होगा।

News Category