बरेली समाचार
बरेली से होकर एक और वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन का ठहराव शाहजहांपुर में भी होगा। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की पहल पर यह सौगात मिली है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की पहल पर बरेली को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है। इस ट्रेन का ठहराव शाहजहांपुर में भी होगा। जितिन प्रसाद ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर शाहजहांपुर में ठहराव लेने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की मांग की थी। रेलवे ने शनिवार को दो जोड़ी यानी चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का तोहफा दिया है। इनमें एक वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन सहारनपुर-लखनऊ और दूसरी का वाराणसी से प्रयागराज होकर खजुराहो तक किया जाएगा।
समय सारिणी
26504 लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह पांच बजे लखनऊ जंक्शन से चलने के बाद 5:55 बजे सीतापुर, 7:10 बजे शाहजहांपुर, 8:08 बजे बरेली, 9:27 बजे मुरादाबाद, 10:45 बजे नजीबाबाद, 11:40 बजे रुड़की और दोपहर 12.45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
26503 सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सहारनपुर से अपराह्न तीन बजे चलने के बाद 3:45 बजे रुड़की, शाम 4:40 बजे नजीबाबाद, 6:10 बजे मुरादाबाद, 7:33 बजे बरेली आएगी। इसके बाद रात 8:38 बजे शाहजहांपुर, 9:50 बजे सीतापुर और 11 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमराम सैय्यद ने बताया कि सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत के सात नवंबर से संचालन होने संबंधी कोई अधिकृत सूचना नहीं मिली है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के जरिये इस संबंध में मालूम हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार, वाराणसी और प्रयागराज की गाड़ियां फुल
कार्तिक पूर्णिमा से पहले बरेली होते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश, प्रयागराज और वाराणसी जाने-आने वाली ट्रेनें फुल हो गई हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश की सभी गाड़ियों में चार-पांच दिन तक नो रूम है।
वाराणसी और प्रयागराज की गाड़ियों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य गंगा स्नान पांच नवंबर को है। रेलवे ने कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर 20 से ज्यादा ट्रेनों को गढ़मुक्तेश्वर, रामगंगा और कछला ब्रिज स्टेशनों पर तीन से छह नवंबर तक अतिरिक्त ठहराव भी दिया है।
- Log in to post comments
- 87 views