Skip to main content

मेरठ समाचार

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हस्तिनापुर के मखदूमपुर गंगा घाट पर पांच दिवसीय गंगा मेले की शुरुआत हो गई। राज्य मंत्री दिनेश खटीक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने उद्घाटन किया। हजारों श्रद्धालु स्नान, पूजा और गंगा आरती में शामिल हुए।

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मेरठ से सटे ऐतिहासिक हस्तिनापुर में मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले पांच दिवसीय गंगा स्नान मेले का शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ हुआ। गंगा की रेती पर जिला पंचायत की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन राज्य मंत्री दिनेश खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विमल शर्मा, डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद गंगा तट पर हवन-यज्ञ और भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। हजारों श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों के साथ पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। आयोजन समिति के अनुसार, मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और अगले दिनों में यह आंकड़ा चार लाख तक पहुंचने का अनुमान है।

मेले को भव्य बनाने के लिए जिला पंचायत द्वारा 73 लाख रुपये के बजट से विस्तृत तैयारियां की गई हैं। गंगा की रेती में इस वर्ष मेले का आकार भी बड़ा रखा गया है।

 

 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा और डीएम डॉ. वीके सिंह ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

News Category

Place