Skip to main content
नुमाइश देखकर लौट रहे परिवार को कार ने मारी टक्कर, मौसी-भांजे की मौत; ननद-भाभी घायल

मुरादाबाद समाचार

मुरादाबाद: पाकबड़ा थानाक्षेत्र में विल्सोनिया इंटर कॉलेज के सामने शनिवार की शाम साढ़े सात बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने नुमाइश देखकर लौट रहे एक परिवार के चार सदस्यों को टक्कर मार दी। चारों हवा में उछल कर सड़क पर गिर गए जिसमें शमीमजहां (45) और उनके भांजे अल्फेज (9) की मौत हो गई जबकि शमीमजहां की बहू आयशा और बेटी मुस्कान घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक निवासी सरताज परिवार के साथ पाकबड़ा के समाथल गांव में रहते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम करीब पांच बजे सरताज की पत्नी शमीमजहां बहू आयशा (20), बेटी मुस्कान (18) और बहनोई यामीन के बेटे अल्फेज को साथ लेकर पाकबड़ा में कैलाश रोड पर चल रही नुमाइश देखने गईं थीं।

शाम करीब साढ़े सात बजे सभी नुमाइश देखने के बाद पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर विल्सोनिया इंटर काॅलेज के सामने के सभी कट से सड़क पार करने लगे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनको टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों हवा में उछल गए और फिर सड़क पर गिरे।

हादसे के बाद लोग मौके की ओर दौड़े लेकिन चालक कार दौड़ाकर भाग गया। शमीमजहां और अल्फेज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी आ गई। आयशा और मुस्कान को टीएमयू भिजवा दिया जहां मुस्कान की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हादसा करने वाली कार और चालक की तलाश में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

News Category