Skip to main content

लखनऊ समाचार

लखनऊ। आवंटियों की सुविधा के लिए एलडीए एक दिसंबर को गोमतीनगर स्थित कार्यालय में लोन मेला लगाएगा, जहां सभी राष्ट्रीयकृत व अधिसूचित बैंकों की टीम उपस्थित रहेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन की सुविधा दिलाई जाएगी। इसके बाद दिसंबर में एलडीए रजिस्ट्री शिविर भी लगाएगा।


एलडीए के वित्त नियंत्रक दीपक सिंह ने बताया कि कई बार आवंटी सही जानकारी न मिलने व बैंक से लोन न मिलने के कारण संपत्ति का पूरा पैसा जमा नहीं कर पाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में आवंटियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ तो पड़ता ही है, देरी होने पर आवंटन निरस्त होने का खतरा भी रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए एक दिसंबर को एलडीए ऑफिस में लोन मेला लगाया जा रहा है।

अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि लोन मेले में एक ही स्थान पर बैंकिंग सहायता मिलेगी। आवंटियों को मौके पर ही एलडीए एनओसी भी देगा। लोन लेने के लिए आवंटियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय एवं जाति प्रमाण पत्र आदि प्रपत्र लाने होंगे।
दुर्बल आय वर्ग को बड़ी राहत

एलडीए अधिकारियों ने बताया कि ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवंटियों को बैंक से लोन लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोन मेले में एक ही छत के नीचे उनका सारा काम हो जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास, सरदार वल्लभ भाई पटेल योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना के साथ ही अन्य योजनाओं में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्ति लेने वाले आवंटी बैंक लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

Iएक दिन-एक स्थान, लोन सबंधी पूर्ण समाधान के उद्देश्य से यह लोन मेला लगाया जा रहा है। इसमें हर वर्ग के आवंटियों की ऋण संबंधी जरूरतें पूरी होंगी और वे पूरा भुगतान कर अपनी संपत्ति के मालिक बन सकेंगे। दिसंबर में रजिस्ट्री शिविर भी लगेगा। इसके लिए फाइलें तैयार की जा रही हैं। I
I- प्रथमेश कुमार, वीसी एलडीएI

News Category

Place