हल्द्वानी उत्तराखंड समाचार
हल्द्वानी: सरकार द्वारा संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकास खंड हल्द्वानी के राजकीय इंटर कॉलेज फूलचौड़ में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फूलचौड़ क्षेत्र की करीब 19 ग्राम सभाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लिया।
शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत और प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने किया। शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया।
उद्देश्य यह है कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकार जनता के द्वार तक पहुंच रही है।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत रखी, जिस पर विधायक ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को दस दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तय समय में समाधान न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों के नुकसान की समस्या उठाई, जिस पर विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों को सोलर फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। पशुपालकों ने पशुओं के टीकाकरण न होने की शिकायत की, जिस पर पशु चिकित्साधिकारी को रोस्टर बनाकर प्रत्येक गांव में टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
शिविर में विद्युत, सिंचाई, पूर्ति, श्रम, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, कौशल विकास और सेवायोजन विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और 37 लोगों की बीपी, शुगर व आंखों की जांच कर दवाएं वितरित की गईं। आयुर्वेदिक विभाग ने 32 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि दी, पशुपालन विभाग ने 7 पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा दी और 39 लोगों को औषधि वितरित की। होम्योपैथिक विभाग द्वारा 68 लोगों को दवाएं दी गईं। विद्युत विभाग ने 5 लोगों के बिजली बिलों में संशोधन किया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन व योजनाओं की जानकारी दी, जबकि पंचायती राज विभाग ने 17 लोगों के जन्म-मृत्यु और परिवार रजिस्टर में अंकन किया।
शिविर में कुल 36 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मुख्य रूप से पेयजल, सिंचाई, आंतरिक सड़क सुधार, जंगली जानवरों से फसल नुकसान और पशुओं के टीकाकरण से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं, जिनका अधिकांश समाधान मौके पर कर दिया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता निगलटिया, सोनी दुर्गापाल, भूपेंद्र क्वीरा, ग्राम प्रधान अर्चना विष्ट, अनीता बिष्ट, भावना नेगी, निशा कुलियाल, मोहन पाठक, ललित मोहन नेगी, नवीन चंद्र दुर्गापाल, कृपाल सिंह, मनीष सिंह कुलियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मातृशक्ति उपस्थित रही।
- Log in to post comments
- 13 views