उत्तर प्रदेश समाचार
सीएम ने प्रदेश के सभी इंग्लिश और हिंदी मीडियम बोर्ड की कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद कर दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस आदेश के आधार पर अब पांच जनवरी तक प्रदेश में सभी परिषदीय प्राथमिक विद्यालय से लेकर सहायता प्राप्त विद्यालय एवं सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। लखनऊ समेत जिलों के जिलाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पृथक से भी स्कूलों के बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की हकीकत का जायजा लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए हर जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ‘कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए’। शीतलहर को देखते हुए सीएम योगी ने रैन बसेरों के संचालन को लेकर अधिकारियों को विशेष हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिछौने, कंबल और साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक सुविधाएं पुख्ता की जाएं. अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जरूरतमंदों को समय पर राहत सामग्री और आश्रय प्राप्त हो।
उत्तर प्रदेश के साथ देश के पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ा दी है। उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे का कहर भी जारी है। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी सर्दी का सितम देखने को मिल रहा है। मौसम ने घर से नौकरी पर निकलने वालों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ठिठुरन और कोहरे से उत्तर भारत के जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है।
कश्मीर घाटी के कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई. गुरेज, गुलमर्ग और माछिल सहित उत्तरी कश्मीर के कुछ हिस्सों में हिमपात हुआ. अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश या बर्फबारी हो सकती है. ताजा बर्फबारी के बावजूद घाटी में सर्दियों में सामान्य से कम ठंड पड़ रही है
राजस्थान में कुछ हिस्सों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है पिछली रात सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम तापमान, चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड में मंगलवार को शीतलहर की स्थिति बनी रही। गुमला में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी का कहना है कि कम से कम 13 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया. खूंटी में तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 4.6 डिग्री सेल्सियस और डाल्टनगंज में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
- Log in to post comments
- 3 views