झांसी समाचार
उत्तर प्रदेश के झांसी से बैंक कर्मचारियों की हैरान करने वाली गुंडागर्दी सामने आई है। लोन की रकम वसूलने के नाम पर एक प्राइवेट माइक्रो फाइनेंस बैंक ने सारी हदें पार करते हुए एक महिला को कथित रूप से बंधक बना लिया। आरोप है कि महिला को किश्त न देने पर जबरन बैंक के अंदर 5 घंटे तक बैठाकर रखा गया और उसके पति से कहा गया कि पहले किश्त चुकाओ, तभी पत्नी को ले जाओ।
घटना मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हरौली के आजाद नगर मोहल्ले में स्थित एक निजी समूह लोन बैंक की है। बाबई रोड, पूंछ निवासी रविंद्र वर्मा की पत्नी पूजा वर्मा को सोमवार दोपहर 12 बजे से बैंक के अंदर जबरन बैठा लिया गया। जब रविंद्र बैंक पहुंचा तो बैंककर्मियों ने साफ कह दिया कि पैसे दो, तभी पत्नी मिलेगी। काफी मिन्नतों के बाद भी बैंक कर्मचारियों का रवैया नहीं बदला। आखिरकार रविंद्र ने डायल 112 पर पुलिस को कॉल किया। पुलिस के पहुंचते ही बैंककर्मियों के होश उड़ गए और आनन-फानन में महिला को बाहर निकाला गया।
पीड़िता पूजा वर्मा ने कोतवाली मोंठ में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसने 40,000 रुपये का लोन लिया था, जिसमें से 11 किश्तें जमा कर चुकी है। लेकिन बैंक रिकॉर्ड में केवल 8 किश्तें ही दर्शाई जा रही हैं। आरोप है कि बैंक एजेंट कौशल और धर्मेंद्र ने उसकी तीन किश्तें हड़प लीं। महिला ने बताया कि सोमवार को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी बैंक सीओ संजय यादव उनके घर पहुंचा और धमकी भरे अंदाज में किश्त मांगने लगा। विरोध करने पर पति-पत्नी को जबरन बैंक ले जाकर घंटों बैठा दिया गया।
- Log in to post comments
- 6 views