बरेली समाचार
बरेली। थाना भुता पुलिस ने भोली-भाली जनता को झांसे में लेकर म्यूल अकाउंट खुलवाकर करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
थाना भुता में दर्ज मुकदमा संख्या 07/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 351(3), 61(2 (पूर्व में भादवि की धारा 420, 467, 468, 471, 506, 120बी) में वांछित अभियुक्त शाहिद पुत्र जमील अहमद निवासी ग्राम केसरपुर थाना भुता और अमित गुप्ता पुत्र रामधुन गुप्ता निवासी सुनारों वाली गली काकर टोला थाना बारादरी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार 05 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कस्बा भुता स्थित उदयपुर पुलिया के पास सुबह 11:50 बजे दोनों अभियुक्तों को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान शाहिद के पास से ओपो कंपनी का एक मोबाइल फोन और 3000 रुपये नकद तथा अमित गुप्ता के पास से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन और 3000 रुपये नकद बरामद हुए।
जांच में सामने आया है कि अभियुक्त लोगों को व्यापार बढ़ाने का लालच देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल करते थे।
इसके बाद फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर विभिन्न बैंकों में म्यूल अकाउंट खुलवाए जाते थे।
इन खातों के जरिए फर्जी फर्म बनाकर भारी मात्रा में अवैध धन का लेनदेन किया जाता था।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने M/S सत्य साहब ट्रेडर्स के अलावा महावीर ट्रेडिंग कंपनी, महाकाल ट्रेडर्स और सुमित ट्रेडर्स के नाम से भी फर्जी फर्में खुलवाई थीं।
इन फर्मों के बैंक खातों और चेकबुक अपने कब्जे में रखकर करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक बीकेश कुमार, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, कांस्टेबल अतुल कुमार और कांस्टेबल अजय की टीम द्वारा की गई। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की विस्तृत जांच में जुटी है।
- Log in to post comments
- 5 views