Skip to main content

बरेली समाचार 

बरेली: बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जेबकटी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, नकदी और एक तमंचा बरामद किया गया है। पूछताछ में दोनों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेबकटी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बारादरी थाने में तैनात दरोगा अखिलेश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक लगातार जेबकटी कर रहे हैं और इस समय विकास भवन के पीछे स्थित खंडहर में बैठे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों में एक ने अपना नाम सरफराज बताया, जो कांशीराम आवास कॉलोनी, सीबीगंज का निवासी है। उसकी तलाशी में दो मोबाइल फोन और चार मोबाइल बिल बरामद हुए। दूसरे आरोपी ने अपना नाम हारिश बताया, जो आदिल खां चक महमूद, थाना बारादरी क्षेत्र का रहने वाला है। हारिश के पास से नकदी, दो मोबाइल फोन और एक तमंचा व कारतूस बरामद किए गए।
आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की जेब काटकर पर्स और मोबाइल फोन चोरी करते थे।

News Category