प्रयागराज समाचार
- थानों व तहसीलों की कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार के आदेश।
- भूमाफियाओं पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
माघ मेले की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
प्रयागराज: थानों में किस तरह से काम चल रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। सीपी और डीसीपी के दफ्तरों में रोज लगने वाली फरियादियों की भीड़ खुद ही इसे बताती है।
कुछ यही हाल तहसीलों का भी है। थानों व तहसीलों में चल रही मनमानी की शिकायतें सूबे के जलशक्ति विभाग मंत्री व जिले के प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह तक भी पहुंच गईं हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही अफसरों को सुधार के आदेश दिए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से संदर्भित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई की कराएं। इसके साथ ही की गई कार्रवाई से जनप्रतिनिधि को अवगत भी कराएं। तहसीलों व थानों की कार्यपद्धति उचित नहीं है। इसमें गुणात्मक सुधार लाया जाए।
शहर से लेकर ग्रामीणअंचल तक रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। भूमाफियाओं के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करें। प्रभारी मंत्री ने डीसीपी नगर को शहर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। बैठक में सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल ने कहा कि लेखपालों की रिपोर्ट न लगने के कारण कृषक दुर्घटना के प्रकरणों में आश्रितों को लाभ मिलने में देरी हो रही है।
उन्होंने सड़कों पर अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि उर्वरकों की उपलब्धता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। ओवर रेटिंग की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। धान खरीद की कड़ी निगरानी हो। कहीं पर भी धांधली नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने महापौर गणेश केसरवानी से कहा कि सभी पार्षदों से वार्ता करके उनके यहां की सीवर व पेयजल की पाइप लाइनों की खामियों का पता कराएं। फिर उन्हें दुरुस्त कराएं। मंत्री ने माघ मेले की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने का आदेश दिया। कहा कि कहीं पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
इसी तरह उन्होंने यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई आदि अलग-अलग बिंदुओं पर चर्चा की। विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक शहर उत्तर हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने भी सुझाव दिए।
बैठक में पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, डीएम मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डा. अजय पाल शर्मा, पीडीए के उपाध्यक्ष/मेलाधिकारी ऋषिराज, डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह उपस्थित रहीं।
- Log in to post comments
- 3 views