उत्तराखंड लालकुआं समाचार
लालकुआं: उत्तराखंड पुलिस में महिला अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने लालकुआं थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दुष्कर्म के एक मामले की विवेचना में आरोपी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोपों के बाद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 में लालकुआं थाने में एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना की जिम्मेदारी महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी के पास थी। आरोप है कि विवेचना के दौरान उन्होंने आरोपी भगवत सरण को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया, जिससे निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़े हो गए।
मामले की विभागीय स्तर पर की गई आंतरिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए महिला दरोगा को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखंड पुलिस महिला सुरक्षा और महिला अपराध से जुड़े मामलों को लेकर बेहद संवेदनशील है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही, ढिलाई या पक्षपात को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी अधिकारी महिला अपराध के मामलों में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Log in to post comments
- 7 views