उत्तराखंड रुद्रपुर समाचार
रुद्रपुर। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे और रुद्रपुर नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ पर रविवार देर शाम नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सौरभ बेहड़ को आनन-फानन में रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उन्हें ICU में शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सौरभ बेहड़ किसी मामले को लेकर आवास विकास चौकी जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे सौरभ सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आवास विकास चौकी पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। साथ ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की भी अस्पताल में भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
- Log in to post comments
- 1 view