Skip to main content

बरेली समाचार 

बरेली: स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारी जोरों पर है। जनवरी माह में आने वाली स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्रीय टीम की सीधी नजर शहर की स्वच्छता पर रहेगी। इसे लेकर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों के साथ सरकारी मशीनरी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है।

केंद्रीय टीम 26 जनवरी के बाद शहर का दौरा कर स्वच्छता का सर्वेक्षण करेगी। अधिकारी लगातार सफाई के स्तर की समीक्षा कर रहे हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि कचरा प्रबंधन, नालियों की सफाई, सड़कों की सफाई और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का स्तर उच्चतम मानक के अनुसार हो।

बरेली नगर निगम ने पिछली साल स्वच्छता रैंकिंग में देश के टॉप 20 शहरों में जगह बनाई थी। तीन से दस लाख की आबादी वाली श्रेणी में बरेली शहर ने 60 सीढ़ियां चढ़कर देश में 20वां स्थान हासिल किया था। इसके साथ ही कचरा मुक्त शहर की रैंकिंग में लगातार दूसरी बार एक स्टार मिला था। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कूड़ा निस्तारण, सार्वजनिक शौचालय बढ़ाने और जगह-जगह कचरा फेंकने पर कार्रवाई करके यह संभव हो पाया था।

इस बार 26 जनवरी के बाद एक बार फिर देश की चार हजार से अधिक नगर पालिकाओं और प्रदेश के 653 नगर निकायों का सर्वेक्षण शुरू होने जा रहा है। नगर निगम ने इस सर्वेक्षण को शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर बताते हुए शहरवासियों से अपील की गई है कि वे कचरा उचित स्थानों पर डालें और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में मदद करें।

सभी वार्डों में धरातल पर परखेगी सफाई व्यवस्था

स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम शहर के सभी 80 वार्डों के 80 मोहल्लों में जाकर धरातल पर सफाई व्यवस्था की स्थिति को परखेगी।

कूड़ा कलेक्शन स्टाफ पूरी वर्दी में दिखेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले सप्ताह इसको लेकर बैठक की गई थी। इसमें स्वच्छता अभियान से जुड़ी टीम के अधिकारियों को कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों पर चलने वाले स्टाफ को आई कार्ड देने और उन्हें फुल ड्रेस में रहने के निर्देश दिए थे। साथ ही कूड़ा उठाने वाले वाहनों पर स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित स्टीकर लगवाने के साथ ही वाहनों पर पेंट कराने के भी निर्देश दिए हैं।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि जनवरी माह में केंद्रीय टीम आनी है। इसके चलते स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सभी तरह की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आमजन से जुड़ी सुविधाओं में कहीं से भी खामी नहीं हो, इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। आमजन से भी शहर की बेहतर रैंकिंग के लिए सहयोग की अपेक्षा है।