Skip to main content

उत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां 12 वर्षीय बच्चे की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे का शव घर के एक कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान क्रिस मेहता (12 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बड़ालू का निवासी था और वर्तमान में अपनी बुआ के घर रहकर छठी कक्षा की पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार घटना के समय बच्चा घर में अकेला था। जब परिजनों को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण मौजूद है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

News Category