बरेली समाचार
बरेली: जनपद बरेली की पुलिस लाइन में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के उन अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिन्होंने अपने दीर्घ, समर्पित और अनुकरणीय सेवाकाल के उपरांत स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति अथवा अधिवर्षता आयु पूर्ण कर पुलिस सेवा से अवकाश प्राप्त किया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को फूलमालाएं पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट किए और उनके आगामी जीवन के लिए सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। SSP ने कहा कि इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन और मर्यादा को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
सेवानिवृत्त होने वालों में निरीक्षक लेखा शशीबाला (आंकिक शाखा), 30 निरीक्षक बजरुल कमर (पेशी अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी), 30 निरीक्षक मोहम्मद रफीक अली (थाना शाही), 30 निरीक्षक सुरेन्द्र चौहान (पुलिस लाइन), 30 निरीक्षक सुन्दर सिंह (थाना बारादरी – स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति), मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस लल्ला सिंह (पुलिस लाइन) और कहार मदनलाल (पुलिस लाइन) शामिल रहे।
अपने सेवाकाल के दौरान इन सभी कर्मियों के कार्यों से न केवल विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूती मिली, बल्कि आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि और विश्वास भी सुदृढ़ हुआ। विदाई समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला और सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को सराहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्र, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाईवे व लाइन्स शिवम आशुतोष, क्षेत्राधिकारी यातायात अंजनी तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
- Log in to post comments
- 5 views