बरेली समाचार
बरेली: थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 354 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 09 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 फरवरी 2026 को थाना बारादरी पुलिस द्वारा रात्रि गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर बिक्री के उद्देश्य से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल आला हजरत रोड स्थित सैटेलाइट चौराहे के पास पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 354 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम सुमित कुमार पुत्र देवदास, निवासी बिहारीपुर छेमराम, थाना दातागंज, जिला बदायूं, उम्र करीब 21 वर्ष बताया। इस संबंध में थाना बारादरी पर मु0अ0सं0 122/2026, धारा 8/18/29 NDPS एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसके पिता खेती करते हैं और वह कम पढ़ा-लिखा है। उसकी मुलाकात ग्राम असरनपुर निवासी अर्जुन से हुई थी, जिसने अधिक पैसे कमाने का लालच देकर उसे नशीला पदार्थ बेचने के लिए दिया था। अभियुक्त उक्त अफीम बेचने के लिए ही मौके पर खड़ा था, तभी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में वांछित अभियुक्त अर्जुन पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम असरनपुर, थाना दातागंज, जिला बदायूं की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्त को माल सहित माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना बारादरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, उपनिरीक्षक विनय बहादुर सिंह, कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह, कांस्टेबल दिपांशु पोसवाल तथा कांस्टेबल अजीत सिंह शामिल रहे।
- Log in to post comments
- 7 views