बरेली अवधेश शर्मा
बरेली में बिजली निगम के स्मार्ट मीटर तेज दौड़ रहे हैं, जिससे बिल ज्यादा आ रहा है। बिल देखकर उपभोक्ता परेशान हैं। बिल ज्यादा आने की रोजाना करीब 600 शिकायतें आ रही हैं।
बरेली में विद्युत निगम के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हैं। मीटर जंप करने की शिकायतें आ रही हैं। बिल ज्यादा आने से उपभोक्ता परेशान हैं। विद्युत निगम की ओर से दो फरवरी से शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जा रही हैं, पर उनका निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
रोजाना आ रहीं 600 शिकायतें
बमनपुरी निवासी अशोक कुमार रस्तोगी के यहां स्मार्ट मीटर लगा है। वह नाम में गड़बड़ी सुधरवाने के लिए आए हुए थे। राजेंद्रनगर के मनीष सिंह ने बताया कि उनके घर पर स्मार्ट मीटर तो लगा दिया, लेकिन तीन महीने से बिल ही नहीं आया।
शहरी क्षेत्र में 62,924 तो ग्रामीण क्षेत्र में 19 हजार स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। विद्युत निगम की ओर से रामपुर गार्डन, राजेंद्रनगर, हरूनगला, किला, सर्किट हाउस में लगाए गए शिविर में रोजाना करीब 600 शिकायतें आ रही हैं। रामपुर गार्डन उपकेंद्र पर रोजाना औसतन 200 शिकायतें आ रही हैं।
उपभोक्ताओं ने बताई समस्याएं
- बाजार संदल खां निवासी सगीर अहमद ने बताया कि उनका स्मार्ट मीटर खराब होने से बिजली का बिल अधिक आ रहा है। मीटर ऑफ होने के बावजूद बिल आ रहा है।
- पवन बिहार निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि मोबाइल नंबर गलत होने से बिल कहीं और जा रहा है। ऑनलाइन बिल जमा भी किए, लेकिन पता नहीं चल पा रहा कि कहां गया।
- किला छावनी की मुन्नी ने बताया कि बिल नहीं आ रहा है। पांच हजार रुपये जमा किए। पैसा कहां गया और बिल की स्थिति क्या है, कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है।
- जगतपुर निवासी अनवर अली ने बताया कि पहले दो महीने का बिल 1305 रुपये आया था। स्मार्ट मीटर लगने के बाद 28 दिन में ही 1,399 रुपये का बिल आ गया है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हेल्प डेस्क के जरिये स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान कराया जा रहा है। उनको एप डाउनलोड करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
- Log in to post comments
- 3 views