Skip to main content

बरेली: चर्चित ठग कंपनी ‘कैनविज’ का मालिक महा ठग कन्हैया गुलाटी पर शिकंजा कसता जा रहा

बरेली समाचार

बरेली: एक ही दिन में पांच नई FIR दर्ज 800 करोड़ की ठगी का आरोपी हिस्ट्रीशीटर गुलाटी एक साल से फरार, अब तक 60 से ज्यादा केस, SIT की दो टीमें तलाश में जुटीं

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में चर्चित ठग कंपनी ‘कैनविज’ के मालिक और हिस्ट्रीशीटर कन्हैया गुलाटी के खिलाफ कानूनी शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सोमवार को बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में गुलाटी के खिलाफ एक साथ पांच नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। इससे जिले में गुलाटी पर दर्ज मुकदमों की संख्या 60 के पार पहुंच चुकी है।

गुलाटी पर आरोप है कि उसने अलग-अलग निवेश योजनाओं और स्कीमों के नाम पर लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर करीब 800 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया। मामले का खुलासा होने के बाद से आरोपी करीब एक साल से परिवार समेत फरार चल रहा है।

तीन माह में दर्ज हुए 41 मुकदमे पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कन्हैया गुलाटी के खिलाफ बीते तीन महीनों में ही 41 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। लगातार सामने आ रहे नए पीड़ितों और शिकायतों के चलते केसों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

पीड़ितों का आरोप है कि कैनविज कंपनी ने निवेश के नाम पर आम लोगों की जमा पूंजी हड़प ली। कंपनी ने शुरुआत में कुछ लोगों को भुगतान कर विश्वास जमाया और फिर बड़े पैमाने पर रकम वसूल कर फरार हो गई।

हिस्ट्रीशीट खुली, लुक आउट नोटिस जारी
बरेली पुलिस ने आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है और उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है। पुलिस का मानना है कि गुलाटी देश के बाहर भागने की कोशिश कर सकता है, इसलिए एयरपोर्ट और अन्य सीमावर्ती एजेंसियों को भी सतर्क किया गया है।

SIT की दो टीमें जांच में जुटीं गुलाटी की गिरफ्तारी और ठगी के नेटवर्क की परतें खोलने के लिए पुलिस ने एसआईटी (SIT) की दो विशेष टीमें गठित की हैं। टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपी के करीबी सहयोगियों से पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, SIT का फोकस सिर्फ गुलाटी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पता लगाने की कोशिश भी है कि इस ठगी में कौन-कौन लोग शामिल थे और पैसा कहां-कहां लगाया गया।

निवेशकों में आक्रोश, पुलिस पर बढ़ा दबाव
कैनविज घोटाले के सामने आने के बाद हजारों निवेशकों में भारी गुस्सा है। कई पीड़ित परिवार आर्थिक संकट में फंस गए हैं।

लगातार बढ़ते मामलों के कारण प्रशासन और पुलिस पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है कि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ितों को राहत दिलाई जाए।

पुलिस का दावा जल्द होगी गिरफ्तारी पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही कन्हैया गुलाटी को गिरफ्तार कर पूरे ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

बरेली का यह मामला अब प्रदेश के सबसे बड़े ठगी कांडों में शामिल हो चुका है। सवाल यही है कि आखिर कब तक 800 करोड़ की ठगी का आरोपी कानून की पकड़ से बाहर रहेगा, और कब निवेशकों को उनका पैसा वापस मिल पाएगा।

News Category