Skip to main content

जौनपुर में खाकी पर दाग: मोबाइल शोरूम से महंगा फोन उड़ाते दो सिपाही CCTV में कैद

सबसे महंगा फोन दिखाने के बहाने किया खेल, जेब से अपना मोबाइल बदलकर ले उड़े नया सेट

वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप, दोनों पुलिसकर्मी निलंबित

चोरी हुआ मोबाइल भी बरामद, अब विभागीय जांच शुरू

 ब्यूरो, जौनपुर 

जौनपुर: जिले में खाकी की साख पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक मोबाइल शोरूम में दो पुलिसकर्मी कथित तौर पर महंगा स्मार्टफोन चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, जौनपुर पुलिस में तैनात सिपाही मिथिलेश यादव और धनंजय बिंद मोबाइल खरीदने के बहाने एक शोरूम पहुंचे थे। दोनों ने दुकानदार से सबसे महंगा फोन दिखाने को कहा। इसी दौरान कथित तौर पर एक सिपाही ने मौका पाकर अपनी जेब से पुराना मोबाइल निकाला और काउंटर पर रखे नए फोन से उसे बदल लिया। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद जब दुकानदार को फोन नहीं मिला तो उसने स्टॉक मिलान किया। शक होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें कथित चोरी का दृश्य साफ नजर आया। इसके बाद मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा।

प्रकरण सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर उसे दुकान मालिक को सौंप दिया गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। आमतौर पर कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस के कर्मियों पर ही इस तरह के आरोप लगने से विभाग की छवि को झटका लगा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

News Category