Skip to main content

सिद्धार्थनगर: मुख्य आरोपी हरिओम यादव पर 10 हजार का इनाम घोषित, युवक की कुल्हाड़ी से काटकर की थी हत्या…

सिद्धार्थनगर: जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र के बनुहिया बुजुर्ग गांव में हुई मनोज कुमार (35) की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले के मुख्य आरोपी हरिओम यादव की गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उस पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं.

​पुरानी रंजिश में रची गई मौत की साजिश
​एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार के अनुसार, यह निर्मम हत्या किसी तात्कालिक विवाद का नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश का परिणाम थी. जांच में सामने आया कि करीब 20-22 दिन पहले मृतक मनोज के ई-रिक्शा और आरोपी अनिल यादव की बाइक के बीच मामूली टक्कर हुई थी. इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि आरोपियों ने मनोज को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली.

​घात लगाकर किया गया हमला
​घटनाक्रम के अनुसार, 07 फरवरी (शनिवार) की सुबह मनोज कुमार हमेशा की तरह दूध देने के लिए घर से निकले थे. गांव के दक्षिण बाग के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. राहगीरों की सूचना पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया.

​चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
​पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं:
​अनिल यादव
​चैतू यादव
​सुजीत यादव
​कलावती यादव

​पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, रॉड और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.

​परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मनोज अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे. उनके पिता की तीन महीने पहले ही कैंसर से मृत्यु हुई थी. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.

News Category