Skip to main content

बरेली: साइबर ठगी का नया मामला,फर्जी बैंक मैनेजर बनकर व्यापारी से 11.41 लाख की ठगी

बरेली: जिले में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में ठगों ने खुद को बैंक मैनेजर बताकर एक व्यापारी को झांसे में लिया और दो अलग-अलग बैंकों के खातों से कुल 11.41 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, थाना सुभाषनगर क्षेत्र के मढ़ीनाथ रोड निवासी मधुतोष शर्मा को भुगतान संबंधी परेशानी के समाधान के लिए बैंक से संपर्क करना था। उन्होंने इंटरनेट पर जस्ट डायल के माध्यम से एक नंबर खोजा और कॉल किया। इसके बाद उन्हें व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क किया गया, जहां कॉल करने वाले ने खुद को बैंक मैनेजर बताया।आरोप है कि बातचीत के दौरान ठग ने एक लिंक भेजा और कहा कि इसे खोलने से समस्या का समाधान हो जाएगा। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड हो गया। ऐप में बैंक अकाउंट और मोबाइल से जुड़ी जानकारी भरते ही कुछ ही मिनटों में खाते से बड़ी रकम निकल गई।पीड़ित के अनुसार, उनके SBI खाते से करीब 7.41 लाख रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 4 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। कुल मिलाकर 11,41,265 रुपये की ठगी हुई।पीड़ित ने तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर खातों को ट्रेस कर रिकवरी की कोशिश की जा रही है।विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर पर कॉल करने से पहले सत्यापन जरूर करें। बैंक कभी भी व्हाट्सऐप कॉल, लिंक या ऐप डाउनलोड कराकर गोपनीय जानकारी नहीं मांगते

News Category