बरेली: छत पर गए पति की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
बरेली: सुभाष नगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर कॉलोनी में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां आहट सुनकर छत पर गए एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जोगेंद्र के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, देर रात घर की छत पर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। इस पर जोगेंद्र स्थिति देखने के लिए ऊपर गए। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से जोगेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
आवाज सुनकर उनकी पत्नी छत पर पहुंचीं और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही थाना सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल जोगेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल प्रगति नगर कॉलोनी में भारी पुलिस बल तैनात है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
- Log in to post comments
- 3 views