सीबीगंज बरेली: सुपीरियर इंडस्ट्रीज में 90 घंटे तक आयकर छापा, दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त कर टीम दिल्ली रवाना
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की दिल्ली-लखनऊ टीमों ने सीबीगंज स्थित शराब फैक्ट्री में की गहन जांच, उत्पादन फिलहाल बंद
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज (शराब फैक्ट्री) में मंगलवार शाम से शुरू हुई आयकर विभाग की कार्रवाई शनिवार देर शाम समाप्त हो गई। करीब 90 घंटे तक चली इस छापेमारी के दौरान दिल्ली और लखनऊ से आई संयुक्त टीमों ने फैक्ट्री परिसर के सभी विभागों की विस्तृत जांच की।
कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण अपने साथ लेकर दिल्ली मुख्यालय रवाना हो गई। छापे के बाद फिलहाल फैक्ट्री में उत्पादन कार्य पूरी तरह बंद है।
ट्रांसपोर्टर और सप्लायरों से भी पूछताछ
जांच के दौरान विभाग ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए फैक्ट्री से जुड़े ट्रांसपोर्टरों और भूसी सप्लायरों को भी तलब किया। पुलिस की सहायता से संबंधित कारोबारियों को बुलाकर कई घंटों तक पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, विभाग यह जांच कर रहा है कि कच्चे माल की खरीद और तैयार माल की सप्लाई में कहीं दस्तावेजी गड़बड़ी या टैक्स चोरी तो नहीं हुई। कुछ व्यापारिक अभिलेख भी जब्त किए गए हैं।
पुराने रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा की जांच
जानकारी के मुताबिक, आयकर अधिकारियों ने वर्ष 2003 तक के रिकॉर्ड खंगाले हैं।
अकाउंट सेक्शन के सर्वर और प्रबंधन से जुड़े लोगों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभाग को आशंका है कि डिजिटल डेटा से अघोषित आय और संभावित बेनामी लेनदेन के सुराग मिल सकते हैं।
कारोबारी जगत में हलचल सुपीरियर ग्रुप प्रदेश के अल्कोहल और बेवरेज सेक्टर का प्रमुख नाम माना जाता है। समूह का संचालन प्रदीप अग्रवाल द्वारा किया जाता है, जो पूर्व राज्यसभा सांसद Murli Manohar Agrawal के पुत्र हैं। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश के कारोबारी वर्ग में चर्चा तेज हो गई है।
अब सभी की नजरें आयकर विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
- Log in to post comments
- 31 views