Skip to main content

हरिद्वार क्राइम: धार्मिक नगरी हरिद्वार में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, होटल प्रबंधक समेत तीन गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल प्रबंधक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। पीड़िता के पति हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी। आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद महिला को एक कार में बैठाया गया।

बताया गया कि कार चालक महिला को शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया। महिला का आरोप है कि होटल के अंदर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर पीड़िता सीधे शहर कोतवाली पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और होटल प्रबंधक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

News Category