
कानपुर में 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है लेकिन इस बार चक्रवाती सिस्टम का साया मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 29 मई से उत्तर प्रदेश में चक्रवाती गतिविधियों की संभावना जताई है। पिछले साल भीषण गर्मी थी पर इस साल तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है। 30 मई से 1 जून तक बारिश और आंधी का भी अनुमान है।
कानपुर। नौतपा की शुरुआत 25 मई से होने जा रही है। नौ दिनों तक मौसम में होने वाली भीषण गर्मी को बरसात के मौसम की आधारशिला माना जाता है। इन दिनों में सूरज जितना तपता है उतना ही मानसून का मौसम अच्छा रहता है लेकिन इस साल नौतपा के मौसम पर चक्रवाती सिस्टम का साया पड़ता दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग ने 29 मई से उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में चक्रवाती संचरण की संभावना जताई है। पिछले साल नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का सामना शहर के लोगों ने किया था लेकिन इस साल अभी अधिकतम तापमान सामान्य से भी नीचे बना हुआ है। चक्रवाती सिस्टम का असर पिछले सप्ताह में पूरे देश ने देखा है।
कानपुर में भी बुधवार की आधी रात में आए आंधी और तूफान ने कहर बरपाया है। इस चक्रवाती सिस्टम के दौरान कानपुर में 24.6 मिमी पानी बरसा था तो प्रदेश के कई जिलों में 100 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई है। इस साल नौतपा के शुरुआती दिन में भी तापमान सामान्य के आस - पास रहने की उम्मीद की जा रही है
शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान सीएसए के मौसम केंद्र पर 36.3 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। पिछले साल में नौतपा के पहले दिन 25 मई को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक यानी 41.6 डिग्री रहा है।
नौतपा में शहर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंचा था। पूरे नौ दिन तक 40 डिग्री से ऊपर ही रहा है। इस बार कैसे बदल रहा है माैसम पिछले साल नौतपा के नौ दिनों 25 मई से दो जून के दौरान मौसम पर रेमल चक्रवात का असर नहीं दिखा था। इससे राजस्थान के मरुस्थल की ओर से आ रही गर्म हवा ने अपना जमकर असर दिखाया और पूरे समय तापमान उच्च बना रहा।
नौतपा के दूसरे दिन ही चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री और आर्द्रता का स्तर 48 प्रतिशत दर्ज हुआ था।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार इस साल 28 मई के बाद से मौसम में बदलाव के आसार दिख रहे हैं। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही हवा के साथ आर्द्रता भी बढी हुई है। इससे आने वाले सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहने के आसार हैं।
30 मई से एक जून तक चक्रवाती सिस्टम के साथ वर्षा और आंधी का नया दौर आएगा। जिससे नौतपा में वर्षा नहीं होने की मान्यता भी टूट सकती है।
भीषण गर्मी के आसार नहीं
2011 से 2025 के बीच यह सातवीं बार है जब नौतपा का प्रभाव न के बराबर रहने का अनुमान है। वर्ष 2011, 2014, 2015, 2021, 2022 और 2023 में प्रभाव कम रहा था। लू भी नहीं चलने की संभावना है। अखिल भारतीय ज्योतिष परिषद के महासचिव आचार्य कृष्णदत्त शास्त्री के अनुसार, 25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा और दो जून तक इसी में रहेगा।
- Log in to post comments
- 2 views