Jammu Kashmir Election 2024: कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी, उम्मीदवारों के नाम भेजने में लगेगा एक सप्ताह का समय
जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव कराने का एलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश में तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 18 सितंबर को होगा दूसरे चरण का चुनाव 25 सितंबर तो तीसरे चरण का चुनाव 1 अक्टूबर को होगा। कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने उम्मीदवारों के एलान के लिए अपनी तैयारी तेज तक दी है।
जम्मू। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियों को तेज कर दिया है। हालांकि पार्टी ने 15 अगस्त तक का समय जिलों प्रधानों को उम्मीदवारों के नाम के पैनल भेजने के लिए कहा था।
अभी तक बैठकों का दौर चल रहा है इसलिए संभावित उम्मीदवारों के नाम के पैनल भेजने में कम से कम एक सप्ताह लगेगा। चुनाव की घोषणा से पहले कांग्रेस ने चुनावी घोषणापत्र बनाने और उम्मीदवारों के नाम के पैनल तैयार करने की प्रक्रिया को पहले ही शुरू कर दिया था
कैंडिडेट्स के चयन के लिए तैयारी तेज
पार्टी के कार्यवाहक प्रधान रमन भल्ला ने कहा कि नाम के पैनल बनाने में अभी समय लगेगा। प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कांग्रेस ने जिला प्रधानों को हर विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन से चार उम्मीदवारों के नाम के पैनल तैयार करने के लिए कहा है। प्रदेश प्रधान इन नामों को स्क्रीनिंग कमेटी को भेजेंगे।
पार्टी हाईकमान ने पहले तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। स्क्रीनिंग कमेटी नाम को फाइनल करने के बाद इसे हाईकमान को भेजेगी। हाईकमान अंतिम मुहर लगाएगी। अब चूंकि चुनाव की घोषणा हो गई है तो इस काम में तेजी लाई जाएगी।
विकार रसूल की खरगे के साथ हुई बैठक
पार्टी की तरफ से बनाई चार सब कमेटियां सप्ताह में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के प्रतिनिधियों से बातचीत करके सुझाव हासिल करने का काम पूरा कर लेगी क्योंकि अब देरी नहीं की जाएगी।
प्रदेश प्रधान विकार रसूल की हाल ही में दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई है जिसमें चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई है।
पार्टी के प्रभारी करेंगे प्रदेश का दौरा
हाईकमान के नेताओं ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लोगों तक पहुंच बनाने, अनुशासन कायम रखने के लिए कहा है। अब जल्द ही पार्टी के प्रभारी भरत सिंह सोलंकी और सह प्रभारी मनोज यादव दौरा करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक प्रधान रमन भल्ला ने जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा साथ ही बहाल किया जाना चाहिए था। चुनाव करवाने से पहले ही जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री के अधिकार कम करके उपराज्यपाल को अधिक अधिकार दे दिए गए हैं।
चुनावी मौसम में विकार रसूल के खिलाफ बगावत के सुर
प्रदेश कांग्रेस के कई नेता प्रदेश प्रधान विकार रसूल के खिलाफ हैं। कई तो चुनाव होने से पहले प्रधान को बदलने का मामला हाईकमान के समक्ष उठा चुके है। सूत्रों ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हई बैठक में विकार रसूल के खिलाफ असंतोष के सुर सामने आए।
हुआ ऐसा कि वेणुगोपाल ने अकेले एक-एक कर जम्मू कश्मीर के 20 से अधिक नेताओं से बातचीत कर प्रधान के कामकाज के बारे में पूछा। अधिकतर ऐसे थे जिन्होंने चुनाव से पहले विकार को बदलने की मांग की। ये नेता खुल कर नहीं बोलते है। इससे पहले भी विकार के खिलाफ कश्मीर के चार नेताओं ने हाईकमान को पत्र लिखकर असंतोष जताया था।
- Log in to post comments