दिल्ली में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने साइकिल सवार को रौंदा, युवक की मौत; आरोपी कार समेत गिरफ्तार
Delhi Hit and Run Case दिल्ली में आश्रम के पास एक 34 वर्षीय साइकिल सवार राजेश की मर्सिडीज कार से टक्कर लगने से मौत हो गई। मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना शनिवार की सुबह हुई थी। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नई दिल्ली। दिल्ली के आश्रम इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। इसमें 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह तेज रफ्तार मर्सिडीज ने आश्रम के पास साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी कार लेकर फरार हो गया।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है
रायबरेली का रहने वाला था राजेश
दुर्घटना शनिवार सुबह भोगल फ्लाईओवर के पास हुई, जब पीड़ित राजेश अपने काम पर जा रहा था। उसके परिवार का कहना है कि तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।
राजेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला था, उसके दो बच्चे थे और वह दक्षिण पूर्वी दिल्ली के जोर बाग इलाके में माली का काम करता थ
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई है। परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
ट्रक चालक को बाइक सवार ने पकड़वाया
उधर, पश्चिम विहार ट्रैफिक सर्किल में एक राहगीर को कुचलकर मौके से भागने वाले ट्रक ड्राइवर का एक बाइक सवार ने कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे दबोच लिया और पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। इस साहसिक कार्य के लिए यातायात पुलिस के विशेष आयुक्त अजय चौधरी ने बाइक सवार रितिक वत्स को पुलिस मुख्यालय बुलाकर 10 हजार नकद इनाम व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक 10 अगस्त की तड़के तीन बजे पश्चिम विहार सर्किल में एक हिट एंड रन की घटना होने की पुलिस को सूचना मिली थी। कॉलर ने बताया कि करीब 45 साल के एक पैदल यात्री को किसी अज्ञात वाहन ने भेरा अंडरपास, बाहरी रिंग रोड, पश्चिम विहार के पास कुचल दिया है। स्थानीय थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब घायल व्यक्ति का शव मिला।
जांच अधिकारी ने चश्मदीद को ढूंढने की कोशिश की किंतु उस समय कोई नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। उसी दौरान जांच अधिकारी को कॉलर रितिक वत्स मिल गया। वह मोहन गार्डन का रहने वाला है। उन्होंने बाइक से ट्रक का पीछा कर तिलक नगर इलाके में ट्रक रुकवा कर ड्राइवर को दबोच लिया।
- Log in to post comments