Skip to main content

दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक 16 साल के नाबालिग ने एक्सिस बैंक में बम से उड़ाने की धमकी दी। आरोपी के पास से एक टूटा हुआ रिमोट कंट्रोल मिला है। उसके पास एक पर्ची भी मिली है जिसमें पैसे की मांग की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके पिता से पूछताछ कर रही है।

पश्चिमी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बुधवार शाम को एक 16 वर्षीय नाबालिग टीवी का रिमोट लेकर एक बैंक पहुंचा। जहां उसने चिल्लाते हुए बैंक को बम से उड़ाने की धमकी दी और बैंक लूटने की कोशिश की।

धमकी सूनते ही बैंक कर्मियों में अफरा तफरी मच गई।। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लड़के को पकड़ लिया है। घटना पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके की है।

पर्ची में लिखी थी पैसे की मांग

जानकारी के मुताबिक, पुलिस थाना विकासपुरी में रात आठ बजे के आसपास एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक शख्स एक्सिस बैंक में एक प्लास्टिक का डिब्बा और एक पर्ची लेकर घुसा है, जिस पर पैसे की मांग लिखी हुई है। बैंक में घुसने के बाद उसने चिल्लाते हुए कहा कि उसे पैसे दिए जाएं, नहीं तो वह बैंक को उड़ा देगा। आरोपित ने बैंक कर्मियों से 10 लाख रुपये की मांग की थी।

पिता से की जा रही पूछताछ

पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई की और उसे काबू कर लिया गया। वह नाबालिग है और उसके पास एक टूटा हुआ रिमोट कंट्रोल है (जो टेलीविजन का लगता है)। उसके पिता को थाने बुलाया गया है और उनसे इस घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच चल रही है।