Skip to main content

दिल्ली नगर निगम की राजनीति में शह-मात का खेल भाजपा और आप के बीच जारी है। बुधवार को तीन और आप पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। इन तीन पार्षदों समेत अब तक आप के दस पार्षद भाजपाई हो चुके हैं। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बृहस्पतिवार को स्थायी समिति के 18वें सदस्य का मतदान है और अगले माह संभावित महापौर चुनाव हैं।

नई दिल्ली। ग्रीन पार्क से पार्षद सरिता फोगाट के भाजपा में शामिल होने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने इसे ऑपरेशन लोटस करार दिया है। आप के मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि भाजपा द्वारा आप पार्षदों खास तौर पर सरिता फोगाट को ईडी व सीबीआई का डर दिखाकर ऑपरेशन लोटस चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र व भारतीय संविधान को शर्मशार करने वाला है। भारती ने कहा कि भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में सरिता फोगाट ने सदस्यता लेते हुए एक शब्द नहीं बोला। इसलिए मैं उनके बारे में चिंतित हूं। खासकर तौर इसलिए भी चिंता करने की बात क्योंकि वह लगातार मेरे साथ रहीं और कभी किसी तरह का असंतोष नहीं दिखाया।

ब्रेन ट्यूमर से ग्रस्त हैं सरिता फोगाट

भारती ने कहा कि वह गंभीर ब्रेन ट्यूमर से ग्रस्त हैं और अब तक वह अपने पूरे कार्यकाल में अस्वस्थ रहीं। हाल ही में उनके पति की मृत्यु हो गई है। वह सदमें में है और ऐसा लगता है कि भाजपा ने उन्हें शामिल कराने के लिए काफी हद तक प्रताड़ित किया है। उनका घर भी बंद है और उनके बच्चों का फोन भी बंद है। वह अपने परिवार से भी संपर्क नहीं कर पा रही हैं।

पुलिस और एलजी से उन्हें ढूंढने की मांग

उन्होंने कहा कि मैं एलजी व दिल्ली पुलिस से अनुरोध कर रहा हूं कि वह उनका पता लगाए। ऐसा लगता है कि भाजपा ने उन्हें अगवा कर लिया है। भारती ने सोशल मीडिया एक्स पर एक एफिडेविट भी सार्वजनिक किया, जिसमें उन्होंने इस वार्ड से पार्षद के तौर पर टिकट इस समझौते पर लिया था कि वह आप छोड़कर किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हो सकती।

News Category